डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में दलित परिवार की दो लड़कियों की संदिग्ध मौत के मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली। शुक्रवार शाम पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी का नाम विनय उर्फ लंबू है। वहीं दूसरा आरोपी विनय का दोस्त है जो नाबालिग है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी विनय दलित लड़की को जानता था और उससे प्यार का इजहार किया था। विनय ने लड़की से मोबाइल नंबर भी मांगा था, लेकिन लड़की ने वह भी देने से मना कर दिया था। विनय इस बात से बेहद नाराज था। इसलिए उसने पानी की बोतल में कीटनाशक मिलाकर लड़की को पिला दिया। अनजाने में यही पानी बाकी दोनों लड़कियों ने पी लिया।
17 फरवरी को बबुरहा गांव में खेत में तीन लड़कियां संदिग्ध हालात में मिली थीं। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। दो की मौत हो गई और एक का इलाज कानपुर में चल रहा है। उसकी हालत नाजुक है। पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल से कीटनाशक की बोतल, खाली पानी की बोटल, नमकीन के खाली पैकेट्स और सिगरेट बट मिले थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपी विनय ने बताया कि वो जिस लड़की से प्रेम करता था वो अस्पताल में भर्ती है। उसने घटना वाले दिन अन्य दोनों लड़कियों से नमकीन भी मंगवाए थे। आरोपी ने एक ही लड़की को कीटनाशक मिला हुआ पानी पीने को दिया था, लेकिन उसकी बोतल से बाकी दोनों लड़कियों ने भी पानी पी ली। थोड़ी देर के बाद सभी लड़कियों के मुंह से झाग निकलने लगा। यह देखकर दोनों आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।